The post मिशन हैट्रिक- भाजपा ने पार्टी कार्यक्रमों का कैलेंडर जारी किया appeared first on Avikal Uttarakhand.
दिल्ली में प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की बैठक

8 अगस्त से मंडलवार बैठकें, 19 अगस्त से बूथ सशक्तिकरण अभियान; सितंबर में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से संवाद
अविकल उत्तराखण्ड
देहरादून। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस के ताबड़तोड़ कार्यक्रमों के शोर के बीच भाजपा ने सांसद-विधायकों की बैठकों के अलावा संगठनात्मक कार्यक्रमों का कैलेंडर जारी किया। चुनाव में जीत की हैट्रिक बनाने के लिए। भाजपा बिना दायित्व व पद के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के भी सुझाव लेगी।
बुधवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से जोड़ने के उद्देश्य से अगस्त और सितंबर माह के लिए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 8 अगस्त को देहरादून में गढ़वाल मंडल के सभी जिला एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक होगी, जबकि 16 अगस्त को हल्द्वानी में कुमाऊं मंडल के जिला एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक आयोजित की जाएगी।
दोनों बैठकों के समन्वय की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल को सौंपी गई है।
9 अगस्त को प्रदेशभर में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसके समन्वय का दायित्व युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मेंदोली को दिया गया है। इसके बाद 11 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा, जिसका संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट करेंगे।
गढ़वाल और कुमाऊं में सांसद-विधायकों की बैठकें, शक्ति केंद्रों तक पहुंचेगा अभियान
संगठनात्मक कार्यक्रमों के तहत 17 अगस्त को देहरादून में गढ़वाल मंडल के लोकसभा क्षेत्रों के सांसदों और विधायकों की बैठक तथा 18 अगस्त को हल्द्वानी में कुमाऊं मंडल के सांसदों एवं विधायकों की बैठक आयोजित होगी। इन दोनों बैठकों के समन्वय की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत को दी गई है।
इसके बाद 19 अगस्त से बूथ सशक्तिकरण अभियान का शुभारंभ होगा और 23 अगस्त से शक्ति केंद्रों की बैठकों का आयोजन किया जाएगा।
पार्टी के मीडिया प्रभारी मनवीर चौहानं ने बताया कि
भाजपा ने सितंबर माह में एक विशेष संगठनात्मक अभियान चलाने का भी निर्णय लिया है। इसके तहत उन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मुलाकात और संवाद किया जाएगा, जो वर्तमान में किसी संगठनात्मक अथवा अन्य दायित्व में सक्रिय नहीं हैं। पार्टी नेतृत्व उनके अनुभव और सुझावों का लाभ संगठन को देने की तैयारी में है।
बैठक में सीएम धामी समेत प्रदेश कोर ग्रुप।के सदस्य मौजूद रहे।
The post मिशन हैट्रिक- भाजपा ने पार्टी कार्यक्रमों का कैलेंडर जारी किया appeared first on Avikal Uttarakhand.
