उत्तराखंड: नितिन नवीन का लालकुआं में अनोखा जनसंपर्क, दलित कार्यकर्ता के घर जाकर पी चाय

उत्तराखंड के लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को एक अनोखा जनसंपर्क किया। वे बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद जयपुर वीसा गांव स्थित भाजपा बूथ अध्यक्ष राकेश कुमार आर्य के घर पहुंच गए। नितिन नवीन ने राकेश आर्य के परिवार से मुलाकात की, उनके साथ फोटो खिंचवाई और घर पर चाय पी।

इस अचानक मुलाकात से राकेश आर्य और उनके परिवार के सदस्य हैरान रह गए। नितिन नवीन ने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। राकेश कुमार आर्य दलित समाज से आते हैं, ऐसे में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का उनके घर जाकर परिवार के साथ समय बिताना राजनीतिक रूप से भी चर्चा का विषय बन गया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के प्रति नेतृत्व के सम्मान और सामाजिक समरसता से जोड़कर देखा। राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को मौजूदा राजनीतिक माहौल के संदर्भ में भी देख रहे हैं। हाल ही में हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद कथित शुद्धिकरण को लेकर विवाद हुआ था। कांग्रेस ने इस मामले को दलित समाज के सम्मान से जोड़कर सवाल उठाए थे। इसी पृष्ठभूमि में नितिन नवीन का दलित बूथ अध्यक्ष के घर जाकर चाय पीना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया।

हालांकि नितिन नवीन की ओर से इस मुलाकात को लेकर कोई अलग राजनीतिक संदेश दिए जाने की बात सामने नहीं आई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे राष्ट्रीय अध्यक्ष की सहजता और जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधे जुड़ने की पहल बताया। मुलाकात के दौरान क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, पूर्व विधायक नवीन दुम्का, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कमल मुनि, धीरेंद्र रावत सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।