शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही बने प्रमुख मानक, CM Dhami ने सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा में दिए निर्देश

ख़बर शेयर करे :
Stay connected via Google News
Follow us for the latest updates and guides.
Add as preferred source on Google

श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय टिहरी की छात्रा साक्षी द्वारा डिग्री नहीं दिए जाने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन 1905 पर दर्ज (CM Helpline 1905) की गई थी। उसके बावजूद इस प्रकरण का निस्तारण नहीं किया गया। ऐसे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाया।

शुक्रवार को सचिवालय में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा बैठक के दौरान जब यह मामला सीएम धामी के संज्ञान में आया तो उन्होंने सचिव आईटी और सचिव उच्च शिक्षा को एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने और संबंधित अधिकारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री ने छात्रा को एक सप्ताह के अंदर डिग्री उपलब्ध कराने को कहा।

CM Dhami का कड़ा रुख

मुख्यमंत्री ने सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं की शिकायतों के निस्तारण के लिए हेल्प डेस्क बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा के अधिकार के तहत दी जाने वाली सेवाओं को कार्यालयों के डिस्प्ले बोर्ड पर दर्ज किया जाए। सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज बिजली, पानी, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण तेजी से किया जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारी कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करें कि वे किस निर्धारित दिन समस्याओं के समाधान के लिए बैठेंगे।

शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही बने प्रमुख मानक

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिकायतकर्ताओं से बात कर उनकी समस्याओं के यथाशीघ्र समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए। मुख्यमंत्री ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा से प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की शिकायतों और समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को हर सप्ताह, सचिवगणों को माह में दो बार और मुख्य सचिव को प्रत्येक माह में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करने के निर्देश दिए।

CM Dhami ने सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा में दिए निर्देश

साथ ही कहा कि 3 माह से अधिक लंबित प्रकरणों को अभियान चलाकर निस्तारित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिलाधिकारियों को जनता मिलन कार्यक्रमों का आयोजन नियमित तौर पर करना होगा। साथ ही शिकायतों का समाधान निर्धारित समयसीमा के भीतर न करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

शिकायतों की रिपोर्ट CM कार्यालय को देने के निर्देश

आपदा से क्षतिग्रस्त लाइनों, सुरक्षा दीवारों का कार्य प्राथमिकता के आधार पर करने के साथ ही रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए। उन्होंने कहा कि समस्या का समाधान तभी माना जाएगा, जब शिकायतकर्ता पूरी तरह से संतुष्ट होगा। हर महीने की 5 तारीख तक सभी विभागों को हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त शिकायतों की स्थिति रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए हैं।

निदेशक आईटीडीए गौरव कुमार ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों और विभागों द्वारा समाधान के लिए की गई कार्यवाही के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में जानकारी दी गई कि उत्तराखंड पेयजल, गृह विभाग, ऊर्जा से संबंधित लोगों की अधिक शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।

Stay connected via Google News
Follow us for the latest updates and guides.
Add as preferred source on Google
×