CM धामी ने की केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से मुलाकात, उत्तराखंड के लिए की ये मांग

ख़बर शेयर करे :
Stay connected via Google News
Follow us for the latest updates and guides.
Add as preferred source on Google

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात की। इस दौरान सीएम ने उत्तराखंड में विमानन क्षेत्र के विकास, हवाई सम्पर्क में सुधार और पर्यटन को नई गति देने से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

उत्तराखंड को दिए सहयोग के लिए किया आभार व्यक्त

सीएम धामी ने सबसे पहले उत्तराखंड को विमानन क्षेत्र में मिले सहयोग के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री का प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से प्रदेश के हवाई अड्डों पर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए अम्ब्रेला ब्राण्ड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के अंतर्गत कियोस्क स्थापित किए जाने की पहल की प्रशंसा की। सीएम ने कहा कि इससे राज्य में स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली है।

मानसून के बाद चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवा शुरू करने पर हुई चर्चा

सीएम ने केंद्रीय मंत्री को राज्य में मानसून समाप्त होने के बाद चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवाओं को एक बार फिर शुरू प्रारंभ करने की योजना से अवगत कराया। सीएम ने कहा कि ये सेवाएं विशेषकर वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विकलांग श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इस विषय पर राज्य सरकार और केंद्र सरकार के संबंधित विभागों के बीच समन्वय जारी है।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि विगत 1 सितम्बर को आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में हेली सेवाओं के संचालन के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करते हुए हेली सेवाओं का दोबारा संचालन यात्रा को सहज बनाएगा और सड़क मार्गों पर दबाव कम करेगा।

गौचर और चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टियों को विकसित करने का किया अनुरोध

सीएम ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि राज्य का 70 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र वनाच्छादित है। राज्य में विशेषकर पर्वतीय जिलों में हवाई सम्पर्क न केवल आवश्यक है, बल्कि पर्यटन, नागरिक आवागमन और आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। सीएम ने गौचर (चमोली) और चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) हवाई पट्टियों को छोटे विमान संचालन के लिए विकसित करने और इन्हें दिल्ली, देहरादून और हिंडन से जोड़ने का अनुरोध किया।

जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर रात को हवाई सेवा संचालित करने का किया अनुरोध

सीएम धामी ने जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर रात्रिकालीन हवाई सेवा के संचालन का भी केन्द्रीय मंत्री से अनुरोध किया ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को विमान सेवा का लाभ मिल सके। इसके अलावा सीएम ने पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को लेकर भी चर्चा की और बताया कि राज्य सरकार द्वारा अधिकांश आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। उन्होंने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के लिए निर्देशित करने का भी अनुरोध किया।

दिल्ली से पिथौरागढ़ के लिए नियमित हवाई सेवा शुरू करने का किया अनुरोध

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से क्षेत्रीय सम्पर्क योजना के तहत दिल्ली से पिथौरागढ़ के लिए नियमित हवाई सेवा जल्द शुरू करने का अनुरोध किया है। सीएम ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य के पर्यटन के साथ-साथ सामरिक और मानवीय दृष्टिकोण से भी हवाई सेवा लाभकारी सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री ने चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टी का निरीक्षण कर हवाई सेवा का संचलान किये जाने के लिए कार्यवाही प्रारंभ करने का भी केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से अनुरोध किया।

Stay connected via Google News
Follow us for the latest updates and guides.
Add as preferred source on Google
×