मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात कर उनकी समस्याएँ सुनीं। इस दौरान लोगों ने अपनी चिंताएँ, क्षेत्रीय विकास के विषय और सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
मुख्यमंत्री ने जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए निर्देशित किया। उन्होंने ज़ोर दिया कि समयबद्ध निस्तारण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताएँ हैं और शासन के सभी स्तरों पर यह सुनिश्चित किया जाए कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान में अनावश्यक परेशानी न हो।
इस मौके पर उन्होंने दिव्यांग श्री कुलदीप की समस्या सुनी और तत्काल आर्थिक सहायता एवं ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ज़रूरतमंदों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना अनिवार्य है।
मुख्यमंत्री ने राज्य कर मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन, प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पू.मा.) शिक्षक संघ, सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी उत्तराखंड, आबकारी उपनिरीक्षक संघ, श्री कल्प केदार मंदिर समिति, देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति, हरिद्वार के शिष्टमंडलों और अन्य प्रतिनिधिमंडलों से भी भेंट की। प्रतिनिधियों ने अपनी मांगें, समस्याएँ और सुझाव साझा किये, जिन पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनसंवाद के माध्यम से जनता की समस्याओं का समाधान और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार का लक्ष्य है कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरलता और समयबद्धता के साथ पहुंचे।
उपस्थित थे विधायक महंत दिलीप रावत, श्री किशोर उपाध्याय, श्री अनिल नौटियाल, प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, सचिव श्री शैलेश बगौली, गढ़वाल कमिश्नर श्री आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल श्री राजीव स्वरूप, अपर सचिव श्री बंशीधर तिवारी, श्री जे.सी. कांडपाल और मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी।
