देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में एक विशेष एल्बम गीत का विमोचन किया, जिसमें उनके पांच वर्षों के कार्यकाल के दौरान उत्तराखंड में हासिल की गई उपलब्धियों को गीत-संगीत के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। इस प्रोजेक्ट को पंचवटी फिल्म्स प्रोडक्शन और आदर्श औद्योगिक स्वायत्त सहकारिता (आदर्श संस्था) ने मिलकर तैयार किया है।
मुख्यमंत्री ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि राज्य की विकास यात्रा और हो रहे सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाने का यह तरीका बेहद सराहनीय है। उन्होंने एल्बम के निर्माता-निर्देशक, गीतकार, संगीतकार, गायकों और अन्य कलाकारों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में बताया कि सरकार रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ाने, पर्यटन को प्रोत्साहित करने, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए नए रास्ते खोलने के लिए जुटी हुई है। साथ ही, देवभूमि की विशिष्ट पहचान, समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ विकास कार्य भी तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं।
समारोह में आदर्श संस्था की अध्यक्ष आशा कोठारी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाई और स्मृति चिह्न भेंट किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और जनहित में लिए गए निर्णयों की तारीफ की। मुख्यमंत्री ने एल्बम के निर्माता उत्तम सिंह भंडारी, गायक विक्रम भंडारी, शिवानी नेगी, तथा संगीतकार विजयपाल कलूड़ा समेत अन्य कलाकारों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आशा कोठारी ने की, जबकि संचालन संस्था के सचिव हरीश कोठारी ने किया। इस अवसर पर युवा मोर्चा पछवादून के जिलाध्यक्ष विनायक नौटियाल सहित प्रदीप दुग्गल, विजय असवाल, शोभित उनियाल, गिरीश भट्ट, लक्ष्मी नारायण नवानी, आदित्य नौटियाल, सहदेव सिंह बिष्ट और सपना जवाड़ी के समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
