चमोली के विकासखंड पोखरी, नाइल ग्राम पंचायत के सिदेली गाँव में आज शुक्रवार को भालू ने दो महिलाओं पर हमला कर दिया। दोनों महिलाएँ सुबह घास काटने के लिये जंगल गई थीं। इस हमले में एक महिला की मृत्यु हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
**भालू का हमला**
सिदेली के निवासी चंद्रशेखर ने बताया कि उनकी पत्नी विमला देवी (55) और एक और महिला लक्ष्मी देवी (42) आज सुबह गाँव से कुछ दूरी पर जंगल में घास काटने गई थीं। दोनों महिलाओं को भालू ने अचानक हमला कर दिया। बचने की कोशिश में वे चट्टान से नीचे गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
**एक की मृत्यु, दूसरी गंभीर घायल**
घटना की सूचना मिलते ही गाँव के लोग मौके पर पहुँचे। दोनों महिलाओं को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने विमला देवी को मृत घोषित कर दिया; वह अस्पताल पहुँचने से पहले ही दम तोड़ चुकी थीं। लक्ष्मी देवी को हायर सेंटर भेजा गया।
**वन विभाग के प्रति आक्रोश**
इस हमले के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। कई लोग सीएचसी पोखरी पहुँचे। ग्रामीणों का मानना है कि भालू की सक्रियता लंबे समय से बनी हुई है, जिससे उनके जीवन को खतरा है। उन्होंने वन विभाग से भालू के आतंक से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
