हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुलिस की कड़ी निगरानी, हुड़दंगियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

कुमाऊं के सबसे बड़े हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज में 29 सितंबर को प्रस्तावित छात्रसंघ चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। छात्र संगठनों और प्रत्याशियों की ओर से प्रचार अभियान जोर पकड़ने के साथ ही कॉलेज परिसर में विवाद और मारपीट की घटनाओं को लेकर पुलिस भी अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने सोमवार को पुलिस टीम के साथ एमबीपीजी कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी सिटी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को चुनाव के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। एसपी सिटी ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए कॉलेज परिसर के अंदर और बाहर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पुलिस की ओर से लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि चुनाव प्रचार के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

एमबीपीजी कॉलेज में चुनाव प्रचार के दौरान लगातार सामने आ रही मारपीट और विवाद की घटनाओं को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। एसपी सिटी ने कॉलेज प्रशासन और छात्रों के साथ बैठक कर उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्रसंघ चुनाव का प्रचार लिंगदोह कमेटी के निर्धारित नियमों के तहत ही किया जाए। पुलिस ने छात्रों से अपील की है कि चुनाव को लेकर किसी भी तरह की अराजकता, शक्ति प्रदर्शन, हुड़दंग या विवाद से बचें। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एमबीपीजी कॉलेज में चुनाव प्रचार के दौरान छात्रों के बीच विवाद और मारपीट की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे में इस बार पुलिस चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विशेष रणनीति के साथ आगे बढ़ रही है। पुलिस की नजर विशेष रूप से उन छात्रों और समूहों पर रहेगी, जो चुनावी माहौल का फायदा उठाकर कॉलेज परिसर में अराजकता फैलाने का प्रयास करेंगे। पुलिस की कड़ी निगरानी और सख्त कार्रवाई के निर्देश से यह स्पष्ट हो जाता है कि चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह से तैयार है।