UKSSSC Exam Date: उत्तराखंड में सात परीक्षाओं की तारीख बदली, जानें अब कब होगी कौन सी परीक्षा

UKSSSC Exam | Uttarakhand Jobs | Exam Date : उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने सात परीक्षाओं के प्रस्तावित कार्यक्रम में बदलाव किया है। आयोग ने अभ्यर्थियों के अनुरोध और परीक्षाओं के बेहतर संचालन को ध्यान में रखते हुए परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन किया है।

यह बदलाव आयोग की ओर से 25 अगस्त 2026 को जारी किए गए परीक्षा कार्यक्रम में किया गया है। नई तारीखों के अनुसार कुछ परीक्षाएं पहले निर्धारित समय से पहले होंगी…जबकि कुछ की तारीख आगे बढ़ाई गई है।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार पशुधन प्रसार अधिकारी और सर्वेक्षक पदों की परीक्षा अब 18 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इससे पहले इन दोनों परीक्षाओं के लिए 20 सितंबर 2026 की तारीख प्रस्तावित थी।

साहसिक खेल अधिकारी कैमरामैन और प्राविधिक सहायक (इतिहास) पदों की परीक्षा अब 20 सितंबर 2026 को प्रस्तावित है। पहले इन परीक्षाओं के लिए 18 अक्टूबर 2026 की तारीख तय की गई थी।

वहीं सहायक लेखाकार (विभिन्न विभाग) और वैयक्तिक सहायक (विभिन्न विभाग) की परीक्षा अब 1 नवंबर 2026 को प्रस्तावित की गई है।

आयोग ने विज्ञान विषय से जुड़े विभिन्न पदों की परीक्षा के संबंध में भी जरूरी जानकारी दी है। परीक्षा कार्यक्रम में 17 जनवरी 2026 की तारीख गलती से दर्ज हो गई थी।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि इसे 17 जनवरी 2027 पढ़ा जाए। यानी विज्ञान विषय से संबंधित विभिन्न पदों की परीक्षा 17 जनवरी 2027 को प्रस्तावित है।

परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए नई तारीखों को ध्यान में रखना जरूरी है। आयोग की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ही आगे की परीक्षा प्रक्रिया होगी।