चुनावी तैयारियों को लेकर कांग्रेस की अहम बैठक, शैलजा ने संगठन को जमीन पर मजबूत करने के दिए निर्देश

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने पार्टी के फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ अहम बैठक की। बैठक में संगठन की मौजूदा गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

कांग्रेस की चुनावी तैयारियों को लेकर बैठक

बैठक के दौरान कुमारी शैलजा ने सभी फ्रंटल संगठनों और प्रकोष्ठों की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए जल्द से जल्द उनकी कार्यकारिणी गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठन को केवल कागजों तक सीमित रखने के बजाय पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच मौजूद रहें। इसके लिए प्रदेशभर में दौरे कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया गया।

जनता के मुद्दों को लेकर आक्रामक रुख अपनाने के निर्देश

प्रदेश प्रभारी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से दलितों के साथ कथित अन्याय, महिलाओं की सुरक्षा, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएं और उनकी समस्याओं को मजबूती से सामने रखें।

कुमारी शैलजा ने कहा कि पार्टी का संगठन तभी मजबूत माना जाएगा, जब कार्यकर्ता जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करें और स्थानीय स्तर की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए आवाज उठाएं। उन्होंने पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने और पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने को कहा।

पदाधिकारियों के साथ भी हुई बैठक

फ्रंटल संगठनों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक के बाद प्रदेश उपाध्यक्षों, महामंत्रियों और सचिवों के साथ भी बैठक आयोजित की गई। इस दौरान आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन की रणनीति पर चर्चा हुई। प्रदेश प्रभारी ने पार्टी पदाधिकारियों से पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने का आह्वान किया।

गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचने पर जोर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव एकजुट और समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत से जीता जाता है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक पहुंचने तथा बूथ स्तर पर जनता से सीधा संवाद बढ़ाने की अपील की। गोदियाल ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए हर कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभानी होगी।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.