The post रुद्रपुर गैंगरेप कांड का खुलासा- तीनों आरोपी गिरफ्तार appeared first on Avikal Uttarakhand.
देखें वीडियो, साक्ष्य संकलन के दौरान भागने की कोशिश, हुई पिटाई

पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल
अवैध तमंचे और कारतूस बरामद
अविकल उत्तराखंड
रुद्रपुर। रुद्रपुर में गैंगरेप के सनसनीखेज मामले में ऊधमसिंहनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार चल रहे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस पर जानलेवा फायरिंग करने वाले एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
गैंगरेप की घटना सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस की कई टीमों को संभावित ठिकानों पर दबिश देने और सघन चेकिंग अभियान चलाने के लिए लगाया गया था।
27 जुलाई की देर रात बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही तीनों आरोपी भागने लगे। पीछा कर घेराबंदी किए जाने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गुरबाज उर्फ मानु के पैर में गोली लग गई। उसे तत्काल पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने गैंगरेप प्रकरण में वांछित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरबाज उर्फ मानु (23 वर्ष), निवासी ग्राम कलकत्ती, थाना गदरपुर, ऊधमसिंहनगर, जोगा सिंह (24 वर्ष) और रविंदर (19 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
इस बीच, 28 जुलाई को पुलिस गैंगरेप मामले में गिरफ्तार आरोपियों को घटनास्थल का निरीक्षण कराने और साक्ष्य संकलन के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान दो आरोपियों ने पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों को सुरक्षित दोबारा हिरासत में लेकर कोतवाली रुद्रपुर पहुंचा दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियारों के संबंध में भी अलग से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की और मामले की प्रगति की जानकारी ली।
पुलिस का कहना है कि गैंगरेप प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा आरोपियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
The post रुद्रपुर गैंगरेप कांड का खुलासा- तीनों आरोपी गिरफ्तार appeared first on Avikal Uttarakhand.
