तकनीकी विवि पेपर लीक- दो विषयों की परीक्षाएं निरस्त

तकनीकी विवि पेपर लीक- दो विषयों की परीक्षाएं निरस्त
ख़बर शेयर करे :
Stay connected via Google News
Follow us for the latest updates and guides.
Add as preferred source on Google

The post तकनीकी विवि पेपर लीक- दो विषयों की परीक्षाएं निरस्त appeared first on Avikal Uttarakhand.

वीएमएसबीयूटीयू पेपर लीक – प्रश्नपत्र निर्माता पर सात वर्षों का प्रतिबंध

अगस्त के तीसरे सप्ताह में होगी पुनर्परीक्षा

अविकल उत्तराखण्ड

देहरादून। वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (वीएमएसबीयूटीयू) ने परीक्षा की गोपनीयता भंग होने के मामले में सत्र 2025-26 के दो विषयों (IOTT004 (Machine Learning for Internet of Things) और ECT043 (Electromagnetic Field Theory) की पूर्व में आयोजित परीक्षाओं को निरस्त कर पुनर्परीक्षा कराने का निर्णय लिया है।
दोनों विषयों की पुनर्परीक्षा अगस्त 2026 के तीसरे सप्ताह में आयोजित की जाएगी।

22 जुलाई को परीक्षा नियंत्रक वी के पटेल की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, IOTT004 विषय की परीक्षा में अनियमितता की शिकायत मिलने के बाद कुलपति के निर्देश पर उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया गया था।
संबंधित संस्थान की जांच रिपोर्ट और विश्वविद्यालय की जांच समिति की अनुशंसाओं में परीक्षा की गोपनीयता भंग होने की पुष्टि हुई।
जांच में पाया गया कि बाह्य प्रश्नपत्र निर्माता, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता ने परीक्षा से पूर्व प्रश्नपत्र से संबंधित सामग्री छात्रों तक पहुंचाई थी।
इसके अतिरिक्त ECT043 विषय की परीक्षा में भी इसी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर विश्वविद्यालय ने दोनों परीक्षाओं को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुनर्परीक्षा की तिथि, समय-सारिणी और परीक्षा केंद्रों की सूची अलग से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। संबंधित संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे छात्रों को इसकी तत्काल जानकारी उपलब्ध कराएं और अधिसूचना को संस्थागत पोर्टल एवं नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करें।
मामले को गंभीर मानते हुए विश्वविद्यालय ने प्रश्नपत्र निर्माता आशीष कुमार गुप्ता को विश्वविद्यालय से संबंधित सभी परीक्षा कार्यों से आगामी सात वर्षों के लिए तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया है। साथ ही संबंधित संस्थान को भविष्य में परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता और शुचिता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की चेतावनी भी दी गई है।
विश्वविद्यालय ने कहा है कि वह पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्रभावित छात्रों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे।

विषयः-

  1. NPSI, Pithoragarh (119)
  2. WIT, Ddn (123)
  3. IT Gopeshwar (134)

महोदय,

परीक्षा से पूर्व सुचिता भंग होने के कारण सत्र-2025-26 के विषय कोड-IOTT004 एवं ECT043 की परीक्षाओं को निरस्त करने तथा पुनः परीक्षा (Re-Examination) के आयोजन के संबंध में आवश्यक अधिसूचना।

उपर्युक्त विषय के संबंध में समस्त सम्बद्ध संस्थान के निदेशकों / प्राचार्यों एवं छात्र-छात्राओं को सूचित किया जाता है कि विश्वविद्यालय की सम सेमेस्टर-2025-26 की परीक्षा सम्पन्न हुई। परीक्षाओं के अन्तर्गत विषय Mechine Learning for Internet of Things (Subject Code-IOTT004) की परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक शिकायत प्राप्त हुई। उक्त शिकायत का संज्ञान लेते हुए मा० कुलपति महोदया के आदेशानुसार विश्वविद्यालय द्वारा एक उच्च स्तरीय जांच समिति (University Enquiry Committee) का गठन किया गया था, तथा संबंधित संस्थान (शिवालिक कालेज ऑफ इंजी०, देहरादून) द्वारा भी अपने स्तर से आंतरिक जांच निष्पादित की गयी थी।

दोनों जांच समिति की विस्तृत रिपोर्ट एवं अनुसंशाओं के आधार पर यह पाया गया कि उक्त विषय के बाह्य प्रश्न-पत्र निर्माता (External Paper Setter) श्री आशीष कुमार गुप्ता, सहायक प्रोफेसर, शिवालिक कालेज ऑफ इंजी०, देहरादून द्वारा परीक्षा से पूर्व छात्रों के आन्तरिक पोर्टल / व्हाट्सएप पर समान प्रश्नों को साक्षा किया गया था, जो कि परीक्षा प्रणाली की अत्यत गोपनीय प्रकृति, सुचिता एवं अकादमिक मानदंडों का गभ्भीर उल्लघंन है। इसके अतिरिक्त गहन जांच में यह भी प्रकाश में आया कि उक्त शिक्षक द्वारा ही तैयार किये गये एक अन्य विषय Electromagnetic Field Theory (Subject Code-ECT043) के प्रश्न-पत्र में भी इसी प्रकार की विसंगति एवं गोपनीयता भंग होने की पूर्ण आशंका है।

अतः परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता, शुचिता एवं छात्रहित को सर्वोपरि रखते हुए, मा० कुलपति महोदया द्वारा प्रदत्त शक्तियों को प्रयोग करते हुए उनके अनुमोदनोपरान्त विषय कोड- IOTT004 (Mechine Learning for Internet of Things) एवं विषय कोड-ECT043 (Electromagnetic Field Theory) की पूर्व में आयोजित परीक्षाओं को तत्काल प्रभाव से निरस्त (Cancel) किया जाता है।

उक्त दोनों विषयों की निरस्त की गयी परीक्षाओं का पुनरावलोकन करते हुए पुनः परीक्षा (Re-Examination) का आयोजन अगस्त, 2026 के तृतीय सप्ताह (3rd Week of August, 2026) में किया जाना सुनिश्चित हुआ है। परीक्षा की विस्तृत समय-सारणी (Date Sheet) एवं परीक्षा केन्द्रों की सूची विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर पृथक से जारी कर दी जायेगी।

अतः अनुरोध है कि उक्त महत्वपूर्ण निर्णय से अपने संस्थान के संबंधित समस्त छात्र-छात्राओं को तत्काल रूप से अवगत कराने का कष्ट करें, ताकि वे नियत समयावधि में पुनः परीक्षा हेतु अपनी तैयारी पूर्ण कर सकें।

साथ ही संबंधित संस्थान के निदेशक / प्राचार्य को इस निर्देश के साथ कि संबंधित विषयों के छात्रों को अपने स्तर से सूचित करते हुए छात्रहित हेतु अपने संस्थान के वेबवाइट में तुरन्त अपलोड करना सुनिश्चित करें।

परीक्षा प्रणाली की शुचिता एवं गोपनीयता को भंग करने, विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को धूमिल करने के दृष्टिगत बाह्य प्रश्नपत्र निर्माता श्री आशीष कुमार गुप्ता सहायक प्रोफेसर, शिवालिक कालेज ऑफ इंजी०, देहरादून को विश्वविद्यालय के समस्त परीक्षा संबंधी कार्यों से आगामी सात वर्ष के लिये तत्काल प्रभाव से प्रतिबन्धित किया जाता है। सम्बद्ध संस्थान शिवालिक कालेज ऑफ इंजी०, देहरादून को संस्थान के स्तर पर समुचित निगरानी व नियंत्रण न रखने के कारण अत्यन्त कड़े शब्दों में चेतावनी दी जाती है कि भविष्य में इस प्रकार की किसी भी तरह की पुनरावृत्ति न होने पाये, इस हेतु संस्थान के समस्त शिक्षक परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता एवं शुचिता बनाये रखने हेतु कटिबद्धता बरतें।

इस अपरिहार्य और दुर्भाग्य पूर्ण परिस्थिति के कारण निर्देश व प्रभावित छात्र-छात्राओं को होने वाली मानसिक एवं अकादमिक असुविधा के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन अत्यन्त खेद व्यक्त करता है। विश्वविद्यालय अपने समस्त विद्यार्थियों के पारदर्शी भविष्य व निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली की मर्यादा बनाए रखने के लिये सदैव पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

भवदीय,

(डॉ० वी०के० पटेल) परीक्षा नियंत्रक

The post तकनीकी विवि पेपर लीक- दो विषयों की परीक्षाएं निरस्त appeared first on Avikal Uttarakhand.

Stay connected via Google News
Follow us for the latest updates and guides.
Add as preferred source on Google
×