गैरसैंण में 27 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा ड्यूटी में 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ होमगार्ड और विभिन्न विशेष इकाइयों के जवान भी तैनात रहेंगे।
विधानसभा सत्र के लिए पुलिस अलर्ट
विधानसभा सत्र की सुरक्षा तैयारियों को लेकर पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. निलेश आनंद भरणे और पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विधानसभा सत्र जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधानसभा परिसर के प्रवेश द्वारों पर तैनात पुलिसकर्मियों को प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। परिसर में केवल अधिकृत व्यक्तियों और वैध पासधारकों को ही नियमानुसार प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा बैरियरों पर तैनात पुलिस बल को जुलूस, धरना-प्रदर्शन और किसी भी अप्रत्याशित स्थिति के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
अनुशासन और समन्वय के साथ ड्यूटी करने के निर्देश
पुलिस अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को निर्धारित समय पर अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और ड्यूटी के दौरान संयमित और मर्यादित व्यवहार बनाए रखने को कहा। आमजन के साथ शालीनता से पेश आने के साथ ही विशिष्ट महानुभावों की सुरक्षा और निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया गया।
