कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड दौरे के दौरान, हल्द्वानी स्थित जनसभा स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर राज्य की राजनीति गर्म हो चुकी है। इस मामले में राहुल गांधी ने भाजपा पर दलितों के साथ अस्पर्श्यता और अपमान के गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद सियासी माहौल तनावपूर्ण हो गया। अब इस पूरे घटनाक्रम पर पलटवार करते हुए भाजपा ने 7 सितंबर को राज्यभर में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन का ऐलान किया है।
भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ती रावत ने कांग्रेस पर सत्य को छिपाने और झूठ फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के ट्विटर हैंडल पर किए गए फैक्ट-चेक में आधे से अधिक तथ्य गलत पाए गए हैं, जिससे कांग्रेस की असलियत सामने आ रही है। दीप्ती रावत की माने तो कांग्रेस अब मोहब्बत की राजनीति नहीं, बल्कि ‘झूठ की दुकान’ लेकर चल रही है, जिसका पर्दाफाश हो चुका है।
प्रदर्शन के संदर्भ में दीप्ती रावत ने बताया कि 7 सितंबर को भाजपा का अनुसूचित मोर्चा समेत सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस के खिलाफ बड़े धरने का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह धरना समरसता और सौहार्द के संदेश के साथ होगा, जबकि कांग्रेस का प्रयास देश को बांटने और तुष्टिकरण की राजनीति करने का है।
