मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सहारनपुर चौक, देहरादून में आयोजित टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में भाग लिया। उन्होंने मंदिर के महंत श्री कृष्णा गिरी महाराज, महंत दिगम्बर भरत गिरी महाराज और टपकेश्वर सेवा दल के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने भगवान टपकेश्वर महादेव से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की। उन्होंने यह भी कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएँ हमारी अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज में आस्था, एकता और आपसी सद्भाव को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।
शोभायात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान टपकेश्वर महादेव का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने सभी संतों, महात्माओं, आयोजन समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भगवान टपकेश्वर महादेव की कृपा सम्पूर्ण प्रदेशवासियों पर बनी रहे और उत्तराखण्ड निरंतर प्रगति और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ता रहे।
