मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास कार्यों को गति देने के लिए 805 करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी दी है। इस पैकेज के अंतर्गत सड़कों के निर्माण व सुधार, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) के छह बांधों व बैराजों की सुरक्षा एवं सुदृढ़ीकरण, सीवर लाइनों का प्रतिस्थापन, पेयजल व्यवस्था और बहुउद्देशीय भवनों के निर्माण समेत कई महत्वपूर्ण कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही प्रदेश के शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2026‑27 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर‑दिसंबर 2026) के लिए 328.28 करोड़ रुपये की किश्त जारी करने की भी स्वीकृति दी गई है, जिसे तदर्थ आधार पर जारी किया जाएगा।
धामी सरकार ने अल्मोड़ा जिले के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में 1.72 करोड़ रुपये की मंजूरी देकर स्थानीय विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया है। इसके अलावा विश्व बैंक पोषित परियोजना के तहत यूजेवीएनएल के छह बांधों व बैराजों की सुरक्षा एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 398.30 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
धार्मिक स्थलों और पर्यटन क्षेत्रों का विकास भी प्रमुख है। चंपावत के दुधौरी ग्राम पंचायत में भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण हेतु 58.67 लाख रुपये, क्वारसिंह (अमोड़ी) में भगवती दुर्गा मंदिर के विकास हेतु 47.85 लाख, पिथौरागढ़ में गुरु गोर्खनाथ मंदिर मेला स्थल के लिए 32.53 लाख, और अल्मोड़ा के जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में घटीका मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 99.39 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जसपुर विधानसभा क्षेत्र में मंदिरों के सुदृढ़ीकरण के लिए 1.62 करोड़ रुपये और उत्तरकाशी के हर्षिल में भवन संख्या 1 से 23 तक के बाहरी हिस्सों के सौंदर्यीकरण के पहले चरण के लिए 4.92 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं।
सीवर व पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हरिद्वार में क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों के प्रतिस्थापन हेतु 7.65 करोड़ रुपये, कनखल क्षेत्र में 6.24 करोड़ रुपये और देहरादून के रायपुर विकासखंड में नलकूप, ओवरहेड टैंक व वितरण प्रणाली के लिए 9.84 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
बहुउद्देशीय भवन व सरकारी कार्यालयों के निर्माण के लिए चंपावत में सेलागांव में 4 करोड़ रुपये, हरिद्वार के रोशनाबाद में आबकारी विभाग के कार्यालय व आवासीय भवन के लिए 9.09 करोड़ रुपये, पिथौरागढ़ नगर निगम के कार्यालय भवन के लिए 24.47 करोड़ रुपये और रायपुर में RGICs की पहली मंजिल पर शेड निर्माण हेतु 2.20 करोड़ रुपये, तथा पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में किरौली स्कूल से जैतबुगा तक सीसी मार्ग निर्माण के लिए 74.44 लाख रुपये की स्वीकृति भी दी गई है।
इन सभी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में बुनियादी ढाँचे में सुधार, रोजगार के अवसरों में वृद्धि और सांस्कृतिक एवं धार्मिक पर्यटन के विकास को बढ़ावा मिलेगा, जिससे उत्तराखंड की समग्र प्रगति में नई ऊर्जा समाहित होगी।
