उत्तराखंड D.El.Ed. प्रवेश परीक्षा 18 नवंबर को, ऑनलाइन आवेदन शुरू

उत्तराखंड में प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने और शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण और राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर (नैनीताल) ने द्विवर्षीय डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (D.El.Ed.) प्रशिक्षण के लिए आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा-2026 की आधिकारिक अधिसूचना और विज्ञप्ति जारी कर दी है।

इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन पत्र किए आमंत्रित किए गए हैं। राज्य के विभिन्न जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIET) में संचालित होने वाले इस पाठ्यक्रम के लिए पात्र और इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। परिषद की ओर से जारी विज्ञप्ति के शासन के बेसिक शिक्षा अनुभाग की ओर से 3 सितंबर 2026 को जारी शासनादेश के प्रावधानों के तहत प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन किया जा रहा है।

उत्तराखंड D.El.Ed. प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन 18 नवंबर 2026 (बुधवार) को किया जाएगा। परीक्षा का समय प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए राज्यभर के 29 प्रमुख शहरों में विभिन्न परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ होने की तिथि 15 सितंबर 2026 (प्रातः 11:00 बजे से) है, जबकि ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 06 अक्टूबर 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक) है। ऑनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 08 अक्टूबर 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक) है।

आवेदन शुल्क विवरण के अनुसार, सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (General & OBC) के लिए आवेदन शुल्क ₹ 600.00 है, जबकि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC & ST) के लिए आवेदन शुल्क ₹ 300.00 है। सभी वर्गों के दिव्यांग (निःशक्त) अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क ₹ 150.00 है। इच्छुक और स्नातक योग्यताधारी अभ्यर्थी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.ukdeled.com पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं और 06 अक्टूबर 2026 तक फॉर्म भरकर 08 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन शुल्क जमा कर सकते हैं। परीक्षा से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश और जानकारी भी इसी पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है।