उत्तराखंड में अस्पताल के बेड पर आराम फरमा रहा कुत्ता, मरीज सो रहे बाहर

उत्तराखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था की आए दिन पोल खुलती रहती है। ऐसा ही एक और मामला पिथौरागढ़ से सामने आ रहा है। यहां के सबसे बड़े सरकारी जिला अस्पताल के पेइंग वार्ड में एक कुत्ता आराम फरमाते नजर आ रहा है। इसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

मरीजों के बेड पर कुत्ते का VIP ट्रीटमेंट!

मीडिया रिपोर्टस की मानें तो एक तरफ इस जिला अस्पताल में मरीजों को बेड की कमी की वजह से बरामदे में तक सोना पड़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ जिस वार्ड के लिए इस जिला अस्पताल मरीजों से 250 रुपये वसूलता है, वहां मरीजों के बेड पर कुत्ते आराम फरमा रहे होते हैं। इस वीडियो को बनाने वाले शख्स का नाम रमेश धामी बताया जा रहा है।

वायरल वीडियो ने उत्तराखंड स्वास्थ्य व्यवस्था की खोली पोल

रमेश धामी अपनी वीडियो में बताते हैं कि वो अपनी मां बसंती देवी का टायफाइड का इलाज कराने जिला अस्पताल पहुंचे थे। तो उन्होंने वहां पेइंग वार्ड में कुत्ते को मरीजों के बेड पर आराम फरमाते देखा जिसका वीडियो उन्होंने शूट कर लिया।

आधी रात को छापा मारने पहुंचे जिलाधिकारी

हालांकी जब इस बदहाली का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ तो पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आधी रात को अस्पताल में छापा मारने पहुंच गए। लेकिन उन्होंने वहां जो दिखा, उसने पूरे सिस्टम की पोल खोलकर रख दी। क्योंकि अस्पताल में ना नर्सिंग स्टाफ मौजूद था ना ही सुरक्षा के लिए तैनात पीआरडी जवान।

डॉक्टरों की भी भारी कमी

मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो इस सीमांत जिले के सबसे बड़े अस्पताल में डॉक्टरों की भी भारी कमी है। ये वायरल वीडियो कहीं ना कहीं इस बात का सबूत है कि हमारे उत्तराखंड का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह विकलांग हो गया है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.