राज्यपाल (सेवानिवृत्त) लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर देहरादून की पुलिस लाइन में आयोजित भव्य कार्यक्रम में भाग लिया। पुलिस लाइन के परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के साथ मनाया गया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले कलाकारों को सम्मानित किया। उन्होंने कलाकारों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और धार्मिक परम्पराएँ समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करती हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवा वर्ग को भारतीय संस्कृति, सनातन परम्पराओं और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उपदेशों से परिचित होने का अवसर मिलता है।
मुख्यमंत्री ने जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, कर्तव्य, कर्म और लोककल्याण का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में वर्णित कर्मयोग का संदेश आज भी सम्पूर्ण मानवता के लिये प्रासंगिक है। अंत में उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपनाएँ और समाज एवं प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
