अल्मोड़ा में बारिश का कहर: मलबे में दबकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, कई क्षेत्र प्रभावित

अल्मोड़ा जिले में लगातार तेज़ बारिश के कारण दो अलग-अलग जगहों पर दुखद घटनाएँ घटीं। हवालबाग ब्लॉक के वडयूड़ा गांव में पहाड़ी से लुढ़का भारी मलबा एक घर में घुस गया, जिससे अंदर सो रहे एक ही परिवार के तीन सदस्य—प्रेमा देवी (42), कल्पना आर्या (19) और मनीष कुमार (18)—मलबे में दबकर मार गए। घटना देर रात लगभग दो बजे हुई, जब तेज़ बारिश के साथ मलबा घर की पिछली दीवार तोड़कर अंदर आया। पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तीनों की मौत की पुष्टि हुई।

इसी दौरान, नगर क्षेत्र के धार की तुनी इलाके में भी भारी बारिश के कारण एक टीन शेड की दीवार अचानक गिर गई। दो नेपाली मजदूर इस गिरते शेड में फँस गए। पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन शेड के ढहने के बाद दोनों मजदूरों की मौत हो चुकी थी।

प्रशासन ने लोगों से चेतावनी दी है कि खराब मौसम में जोखिम वाले क्षेत्रों से दूर रहें और सतर्क रहें। मौसम विभाग ने 1 सितंबर को उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट जारी किया है।