मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में पंचवटी फिल्म्स प्रोडक्शन एवं आदर्श औद्योगिक स्वायत्त सहकारिता (आदर्श संस्था) के सहयोग से पाँच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष एल्बम गीत का विमोचन किया। कार्यक्रम में निर्माता-निर्देशक, गीतकार, संगीतकार, गायक और अन्य कलाकारों के साथ-साथ आदर्श संस्था के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इस प्रयास को सराहते हुए कहा कि गीत‑संगीत के माध्यम से उत्तराखण्ड की विकास यात्रा और सकारात्मक बदलावों को जन‑जन तक पहुँचाना अत्यंत प्रशंसनीय है।
मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि सरकार उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिये निरंतर कार्यरत है, रोजगार व स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, पर्यटन को प्रोत्साहित करने, महिलाओं को सशक्त बनाने और युवाओं के लिये नए अवसर सृजित करने के लिये विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही राज्य की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देवभूमि की विशिष्ट पहचान के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ विकास कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस अवसर पर आदर्श संस्था की अध्यक्ष श्रीमती आशा कोठारी ने मुख्यमंत्री का शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में हुए विकास कार्यों तथा जनहित में लिये गये महत्वपूर्ण निर्णयों की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने एल्बम के निर्माता श्री उत्तम सिंह भंडारी, गायक श्री विक्रम भंडारी एवं सुश्री शिवानी नेगी, तथा संगीतकार श्री विजयपाल कलूड़ा को भी सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती आशा कोठारी ने की और संचालन संस्था के सचिव श्री हरीश कोठारी ने किया। इस कार्यक्रम में युवा मोर्चा पछवादून के जिलाध्यक्ष श्री विनायक नौटियाल, श्री प्रदीप दुग्गल, श्री विजय असवाल, श्री शोभित उनियाल, श्री गिरीश भट्ट, श्री लक्ष्मी नारायण नवानी, श्री आदित्य नौटियाल, श्री सहदेव सिंह बिष्ट, तथा श्रीमती सपना जवाड़ी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
