The post चमोली में क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला आयोजित करेगा पीआईबी appeared first on Avikal Uttarakhand.
ग्रामीण क्षेत्रों तक केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर होगा संवाद

अविकल उत्तराखंड
देहरादून। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पी.आई.बी), देहरादून द्वारा चमोली जिले के गोपेश्वर में 20 अगस्त को ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के मीडिया कर्मियों के लिए एक दिवसीय क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ का आयोजन किया जाएगा।
‘वार्तालाप’ पत्र सूचना कार्यालय का एक प्रमुख संवाद कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत मीडिया कर्मियों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं उपलब्धियों की प्रमाणिक और तथ्यपरक जानकारी उपलब्ध कराना है। कार्यशाला स्थानीय मीडिया और सरकार के बीच एक प्रभावी सेतु के रूप में कार्य करती है, ताकि सरकारी योजनाओं की सही एवं प्रामाणिक जानकारी अंतिम छोर पर बैठे नागरिकों तक पहुंच सके।
केंद्र सरकार की जनसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष ‘वार्तालाप’ कार्यक्रम में पिछले एक दशक से अधिक समय में देश के बुनियादी ढांचे एवं सामाजिक-आर्थिक क्षेत्र में हुए सकारात्मक बदलावों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल ने बताया कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सरकार के सूचना तंत्र और स्थानीय मीडिया जगत के बीच एक बेहतर और जीवंत संवाद स्थापित करना है ताकि केंद्र सरकार की जन-कल्याणकारी नीतियों को समाज के अंतिम छोर तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सके। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सभी जिलों में इस तरह की कार्यशालाएं समय समय पर आयोजित की जाती रहेंगी, जिससे कि पत्रकारों को केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति और उससे होने वाले लाभ के विषय में सटीक जानकारी मिल सके।
इस वार्तालाप कार्यशाला में केंद्र सरकार द्वारा महिला, किसान सशक्तिकरण, युवा शक्ति, स्वास्थ्य सेवा एवं जीआई टैग, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट पर चलाई जा रही योजनाओं पर विशेष फोकस रहेगा। इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा अनुभवी पत्रकार प्रतिभाग करेंगे, जो विकासात्मक पत्रकारिता की भूमिका को रेखांकित करते हुए अपने बहुमूल्य विचार साझा करेंगे।
कार्यशाला में देश के विकास के चार प्रमुख स्तंभों—गरीब/वंचित, किसान, युवा और महिला सशक्तिकरण—पर विशेष रूप से चर्चा होगी। इसके अंतर्गत ई-20 ईंधन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, स्वयं सहायता समूह, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, आयुष्मान भारत योजना-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, नशा मुक्त भारत अभियान, जीआई टैग तथा वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं एवं पहलों की जानकारी दी जाएगी।
कार्यशाला में स्थानीय मीडिया कर्मियों को संबंधित विभागों के विषय-विशेषज्ञों एवं अधिकारियों के साथ संवाद का अवसर भी मिलेगा, जिससे वे योजनाओं की कार्यप्रणाली और उनके स्थानीय स्तर पर प्रभाव को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।
The post चमोली में क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला आयोजित करेगा पीआईबी appeared first on Avikal Uttarakhand.
