उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज अपने कार्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग में भाजपा सरकार की ‘दीदी-बैणी’ योजना को चुनौती देते हुए इसे केवल आगामी विधानसभा चुनावों में सत्ता बचाने की ‘हताश कोशिश’ करार दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरिष रावत, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने इस अवसर पर संयुक्त रूप से भाजपा पर महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के नाम पर चुनावी लाभ उठाने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने दावा किया कि सरकार वास्तव में महिलाओं के कल्याण की नहीं, बल्कि चुनावी वैतरणी पार करने के लिए नकदी के सहारे की उम्मीद कर रही है।
गणेश गोदियाल ने निराशाजनक तथ्य उजागर करते हुए कहा कि सरकार ने इस योजना के तहत केवल 5 लाख 23 हजार महिलाओं को ही चुना है, जबकि राज्य में कुल 43 लाख 7 हजार बालिग महिलाएं हैं, जिनमें से 19 लाख 7 हजार 974 महिलाओं के बैंक खाते खुले हैं। उन्होंने सवाल खड़ा किया कि शेष लाखों महिलाओं को क्या उनके हालात पर छोड़ दिया गया है? कांग्रेस का मानना है कि यदि सरकार सच्ची हितैषी होती, तो वह चुनाव से ठीक पहले एकमुश्त रकम देने के बजाय हर महीने महिलाओं के खातों में सम्मान राशि डालकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाती। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ग्राम्य विकास मंत्री भरत चौधरी द्वारा इस योजना को ‘गेम चेंजर’ बताना सरकार की मंशा को खुद उजागर करता है, जिससे स्पष्ट होता है कि भाजपा को अपनी सत्ता में वापसी के लिए भारी नकदी वितरण पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
प्रीतम सिंह ने भाजपा की यह कदम को ‘चुनावी प्रेम’ और ‘गिरगिट चरित्र’ की पराकाष्ठा बताया। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि एक ओर जहां भाजपा इस योजना के नाम पर महिलाओं को प्रलोभन दे रही है, वहीं भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं के विरुद्ध अत्याचार और बढ़ रहे हैं और दोषियों को बचाने की कोशिशें जारी हैं। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल वीवीआईपी के नाम उजागर करने से भाजपा की बचत का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार अपनी कार्यसंपादन की कमी को छुपाने के लिए जनता के टैक्स के पैसों का बंदरबांट कर मातृशक्ति को भ्रमित करने की साजिश रच रही है।
डॉ. हरक सिंह रावत ने स्पष्ट किया कि महिलाओं का सम्मान केवल आगामी चुनावों से पहले एकमुश्त आर्थिक सहायता से नहीं, बल्कि स्थायी आर्थिक सुरक्षा, रोजगार के अवसर और आत्मनिर्भरता से सुनिश्चित किया जा सकता है। कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि सरकार अपनी घोषणा के अनुरूप चुनाव के बाद देने वाली 10 हजार रुपये की राशि दिसंबर में ही हस्तांतरित करे और योजना के लाभार्थियों की संख्या बढ़ाकर प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं को इसका लाभ प्रदान करे। कांग्रेस ने संकल्प व्यक्त किया है कि भविष्य में यदि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो बेरोजगार परिवारों को रोजगार से जोड़ने की ठोस व्यवस्था की जाएगी और प्रदेश की प्रत्येक महिला को महीने पर महिला सम्मान राशि प्रदान की जाएगी, ताकि वे सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन यापन कर सकें।
