मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बाला गौरिया’ के पोस्टर और टीजर का लोकार्पण किया। ‘हिमाद्रि प्रोडक्शंस’ के बैनर तले बन रही यह फिल्म लोक न्याय देवता गोलज्यू के बाल जीवन पर केंद्रित है, जिसका निर्देशन नितिन तिवारी और निर्माण मनोज चंदोला कर रहे हैं। फिल्म का रिलीज अक्टूबर के पहले सप्ताह में होने की उम्मीद है।
लॉन्चिंग समारोह में मुख्यमंत्री ने फिल्म टीम को बधाई देते हुए कहा कि ‘बाला गौरिया’ जैसी फिल्मों से न केवल हमारी समृद्ध लोक परंपराओं और लोक देवताओं की विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ा जा सकेगा, बल्कि यह उत्तराखंड की पहचान को विश्व स्तर पर प्रस्तुत करने का प्रभावी माध्यम भी बनेगी।
मुख्यमंत्री ने अवगत कराया कि राज्य सरकार उत्तराखंड को फिल्म निर्माण और फिल्म पर्यटन का प्रमुख केंद्र बना रही है। राज्य की प्राकृतिक खूबसूरती और विविध भौगोलिक परिस्थितियां यहाँ को फिल्म शूटिंग के लिए एक विशिष्ट गंतव्य बनाती हैं। इसके लिए सरकार देश-विदेश के फिल्मकारों को बेहतर सुविधाएं और अनुकूल वातावरण प्रदान करने पर जोर दे रही है। उत्तराखंड पर्यटन नीति में फिल्म शूटिंग के लिए प्रोत्साहन, तेज अनुमति प्रक्रिया और फिल्म सिटी विकास के प्रावधान किए गए हैं।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए स्थानीय युवाओं को फिल्म इंडस्ट्री में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने फिल्म निर्माताओं से आह्वान किया कि वे उत्तराखंड की अन्य लोकगाथाओं और सांस्कृतिक परंपराओं पर भी फिल्म बनाने के लिए आगे आएं, ताकि सदियों पुरानी सांस्कृतिक चेतना को संरक्षित किया जा सके। सरकार ने प्रतिभाशाली फिल्मकारों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर फिल्म निर्माता मनोज चंदोला सहित अन्य कलाकार और टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
