The post सीएम धामी बोले, मातृशक्ति का विश्वास मेरी सबसे बड़ी ताकत appeared first on Avikal Uttarakhand.
रक्षा बंधन पर महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सौगात

अविकल उत्तराखंड
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन के अवसर पर देहरादून में आयोजित दो कार्यक्रमों में मातृशक्ति के साथ पर्व मनाया। जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म और हाथीबड़कला स्थित सर्वे स्टेडियम में महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधा और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
धामी ने बहनों के स्नेह और आशीर्वाद के प्रति आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि स्नेह, विश्वास, समर्पण और सुरक्षा के संकल्प का भी पर्व है। नारी सम्मान को भारतीय संस्कृति और संस्कार का आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि जिस समाज में महिलाओं का सम्मान होता है, वही समाज वास्तव में समृद्ध और संस्कारित होता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने संघर्ष को अपनी ताकत बनाया है। पहाड़ की महिलाएं परिवार और समाज के साथ प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के साथ नेतृत्व की भूमिका भी निभा रही हैं।
महिला सशक्तिकरण पर सरकार का जोर
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और लखपति दीदी अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब पांच लाख महिलाएं 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं। सात हजार से अधिक ग्राम संगठन और 500 से अधिक क्लस्टर संगठन महिलाओं की सामूहिक शक्ति और नेतृत्व को मजबूत कर रहे हैं।
प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू किया गया है। समान नागरिक संहिता के माध्यम से भी महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और समान न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाया गया है।
34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां के लिए सबसे बड़ी खुशी तब होती है, जब उसका बेटा या बेटी पढ़-लिखकर रोजगार हासिल कर अपने पैरों पर खड़ा हो। सरकार ने पांच वर्ष के कार्यकाल में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए नकल विरोधी कानून सहित कई कड़े कदम उठाए गए हैं।
धामी ने कहा, “आज मैं मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक भाई के रूप में अपनी बहनों के बीच आया हूं।” उन्होंने कहा कि प्रदेश की किसी भी बहन या बेटी को परेशानी हो तो वह अपनी बात मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा सकती है। सरकार समस्या के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
28 और 29 अगस्त को मुफ्त रोडवेज यात्रा
मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को विशेष सौगात देते हुए घोषणा की कि 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इससे महिलाएं रक्षाबंधन पर अपने मायके और परिवारजनों से मिलने के लिए आसानी से यात्रा कर सकेंगी।
आयोजित कार्यक्रम में जोगिंदर सिंह पुंडीर, विनय कुमार रोहिला समेत अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। सर्वे स्टेडियम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर समेत अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।
The post सीएम धामी बोले, मातृशक्ति का विश्वास मेरी सबसे बड़ी ताकत appeared first on Avikal Uttarakhand.
