The post सिडकुल में 80 एमवीए ट्रांसफार्मर ट्रिप,बढ़ा संकट appeared first on Avikal Uttarakhand.
40 एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर भेजने की तैयारी

वैकल्पिक लाइनों से आपूर्ति सुचारु रखने की कवायद
अविकल उत्तराखंड
हरिद्वार। सिडकुल स्थित 220/132/33 केवी उपसंस्थान में 80 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर के ट्रिप होने की सूचना मिलते ही UPCL और PTCUL का पूरा अमला सक्रिय हो गया।
20 अगस्त को शाम 5:10 बजे प्रांतीय भार निस्तारण केंद्र, देहरादून को ट्रांसफार्मर में ट्रिपिंग की सूचना मिली। इसके बाद तत्काल ट्रांसफार्मर की टेस्टिंग शुरू कर दी गई।
बारिश के कारण बीच-बीच में जांच कार्य प्रभावित भी हुआ।
संभावित आकस्मिक स्थिति से निपटने और विद्युत आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए PTCUL एवं UPCL के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने रात 10 बजे प्रांतीय भार निस्तारण केंद्र, में दोनों निगमों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में हरिद्वार और रुड़की के परिचालन एवं परीक्षण से जुड़े अधिकारी ऑनलाइन शामिल हुए।
बैठक में 80 एमवीए ट्रांसफार्मर के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में वैकल्पिक लाइनों के तत्काल निर्माण, उपलब्ध लाइनों के अधिकतम उपयोग तथा क्षेत्र में उपलब्ध वितरण एवं पारेषण ढांचे के बेहतर इस्तेमाल पर चर्चा की गई। विद्युत आपूर्ति को बनाए रखने के लिए सिडकुल उपसंस्थान में 40 एमवीए का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर पहुंचाने का निर्णय लिया गया।
इसके लिए आवश्यक टीमों को मौके पर भेजने, ट्रांसफार्मर के परिवहन और वितरण-पारेषण कार्यों के लिए जरूरी सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही 80 एमवीए ट्रांसफार्मर के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में नए ट्रांसफार्मर की स्थापना में लगने वाले समय को न्यूनतम करने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
पीसी ध्यानी ने UPCL और PTCUL के अधिकारियों को एक टीम के रूप में समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आकस्मिक स्थिति में उपभोक्ताओं को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए सभी जरूरी कदम तेजी से उठाए जाएं। उन्होंने उपभोक्ताओं से भी संभावित संकट की स्थिति में धैर्य बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा का ध्यान रखते हुए सभी आवश्यक कार्य आपसी समन्वय से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
The post सिडकुल में 80 एमवीए ट्रांसफार्मर ट्रिप,बढ़ा संकट appeared first on Avikal Uttarakhand.
